Monday, November 9, 2026

एक-एक कर के

 1

अब हर साँस में, एक-एक कर के 

अपने अंदर के दिये को मैं सँजो रहा हूँ

तूफ़ान ने जो ऐसा था जकड़ लिया 

समेटा हुआ सामान उड़ा के फेंक दिया

अँधेरे में जो एक लौ बची थी ज़रा 

अपनी हथेली की ओट में मैं ले आया हूँ

 

2

अब हर साँस में, एक-एक कर के 

अपने डर को मैं पहचान रहा हूँ

दरवाज़ा नहीं, दीवार बन कर आता था 

साँसें फूलतीं, रोंगटे कहते — भाग जा

आपने सिखाया था — बस ठहर कर देखना 

अब उसी डर से नज़रें मिला रहा हूँ

 

3

जो पहाड़ लगा था, वह साँस भर का कोहरा था 

जहाँ रास्ता थमा समझा, वहीं से आगे चल पड़ा

सीमा काल की हो, विस्तार की, 

अस्तित्व की या ऊर्जा की

अब हर साँस में, एक-एक कर के 

हर एक को, मैं लाँघ रहा हूँ

 

4

अब हर साँस में, एक-एक कर के 

अपने बिखरे हुए टुकड़े समेट रहा हूँ

ख़ुद को भी शायद नहीं था पता 

इतने छोटे क़तरों में था मैं फैल चुका

आपका आँचल समंदर-सा खुल रहा है 

मैं लहर-दर-लहर, उसमें उतर रहा हूँ…

 

No comments:

Powered By Blogger